सिलौटी पंत में बाघ के आतंक के बाद विधायक कैड़ा की त्वरित कार्रवाई, मवेशियों के लिए पहुंचा चारा

भीमताल : ब्लॉक भीमताल के सिलौटी पंत गांव में आदमखोर बाघ के हमले से दहशत का माहौल है।
सोमवार को बाघ ने लीला देवी (55), पत्नी नरोत्तम राम, पर हमला कर उन्हें अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने घटना पर संज्ञान लेते हुए वन विभाग को ग्रामीणों के मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वन विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए गांव में चारा भिजवा दिया। साथ ही, विधायक ने वन विभाग को गांव और उसके आसपास गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
विधायक कैड़ा ने आदमखोर बाघ या गुलदार को पकड़ने या उसे मारने के लिए मचान बनाकर विशेष अभियान चलाने को कहा है। उन्होंने विभाग को सतर्क रहने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
विधायक कैड़ा ने गांव और उसके आसपास के लोगों से अपील की है कि वे घटना स्थल से 10 किलोमीटर के दायरे में जंगलों में आवाजाही न करें। उन्होंने ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए वन विभाग को हरसंभव कदम उठाने के लिए कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *