भीमताल : विधानसभा भीमताल के कई गांवों में संचार सेवाएं बहाल करने के लिए विधायक राम सिंह कैड़ा ने बीएसएनल अधिकारियों को हाल ही में स्थापित टावरों को शीघ्र सुचारू करने का निर्देश दिया है। विधायक कैड़ा ने बताया कि ओखलकांडा, धारी, भीमताल और रामगढ़ क्षेत्र के कई गांवों में संचार सेवाओं की स्थिति बेहद खराब थी, जिसके चलते ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए, विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट से क्षेत्र में बीएसएनएल टावर लगाने की मांग की थी। उनके प्रयासों के फलस्वरूप भीमताल विधानसभा क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक बीएसएनएल टावरों की स्थापना की स्वीकृति प्राप्त हुई। ओखलकांडा के कौन्ता, ककोड़, पटरानी, डालकन्या, कुंडल, चमोली, गाजा, अधोड़ा, डुगरी, भीमताल के हैड़ाखान, स्यूडा, पनियाबौर जैसे गांवों में टावर लगाए जा चुके हैं।
विधायक कैड़ा ने बीएसएनएल अधिकारियों से आग्रह किया कि इन टावरों को जल्द से जल्द सक्रिय किया जाए ताकि क्षेत्र में संचार सेवा सामान्य हो सके।