भीमताल : ब्लॉक भीमताल के सिलौटी पंत क्षेत्र में मानव और वन्यजीव के बीच संघर्ष एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। हाल ही में 55 वर्षीय लीला देवी पत्नी नरोत्तम राम पर बाघ ने हमला कर उन्हें अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है।
गुलदार तो पकड़ा गया, लेकिन पुष्टि अभी बाकी है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि वन विभाग की टीम ने सिलौटी क्षेत्र में एक गुलदार को पकड़ा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह वही आदमखोर है या नहीं। विधायक ने वन विभाग को शीघ्र इसकी पुष्टि करने और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।विधायक कैड़ा ने कहा कि जब तक आदमखोर बाघ या गुलदार की पहचान और पकड़ सुनिश्चित नहीं होती, तब तक वन विभाग का अभियान जारी रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लगातार गश्त करें और घटना स्थल के आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
विधायक ने ग्रामीणों से अनुरोध किया कि वे घटना स्थल से 10 किमी के दायरे में जंगलों में जाने से बचें। साथ ही, उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिया कि वह हर जगह मुस्तैदी के साथ काम करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।
विधायक कैड़ा ने वन विभाग से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि आदमखोर बाघ या गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने या आवश्यक होने पर मारने की कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
यह घटना एक बार फिर से मानव-वन्यजीव संघर्ष पर ध्यान केंद्रित करती है और इस बात पर जोर देती है कि वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की आवश्यकता है।