सिलौटी में सोमवार को घास काटते समय महिला को मारा, दूसरी महिला ने भागकर बचाई जान
विधायक ने दिए तेंदुए को पकड़ने के निर्देश, डीएफओ ने कहा मृतका को मिलेगा छह लाख का मुआवजा
भीमताल। भीमताल ब्लॉक के नौकुचियाताल के सिलौटी गांव में सोमवार की शाम पांच बजे जानवरों के लिए घास लेने गई दो महिलाओं में एक महिला को तेंदुआ जंगल की ओर उठा ले गया। वहीं साथ में गई महिला ने भागकर अपनी जान बचाई। तेंदुए के हमले में निवासी सिलौटी लीला देवी (50) स्व नरोत्तम आर्य की मौत हो गई। महिला का शव घर से एक किमी ऊपर जंगल में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को तेंदुए के हमले की सूचना दी। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी अपनी टीम के साथ पहुंचे। साथ ही विधायक राम सिंह कैड़ा भी पहुंचे। कैड़ा ने डीएफओ चंद्रशेखर जोशी को मौके पर बुलाया। ग्रामीणों ने विधायक कैड़ा और डीएफओ से तेंदुए को पकड़ने की मांग की। साथ ही कहा कि हमला करने वाला बाघ भी हो सकता है। विधायक कैड़ा ने डीएफओ को पीड़ित परिवार को छह लाख की आर्थिक सहायता दिलाने को कहा। साथ ही कैड़ा ने कहा कि तेंदुए के पकड़ने के लिए पिंजरे और कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जानवरों के लिए चारे की व्यवस्था की जाएगी। ताकि ग्रामीणों को परेशान न होने पड़े। कैड़ा ने वन विभाग के कर्मचारियों से क्षेत्र में गश्त करने को कहा। ग्रामीणों से अकेले घर से बाहर नहीं निकलने को कहा। डीएफओ चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि मृतका के परिजनों को विभाग छह लाख रुपये देगा। साथ ही पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाने के साथ कर्मचारियों की टीम लगातार गश्त करेगी। साथ ही पता लगाया जाएगा की हमला बाघ ने किया या तेंदुए ने किया था।