विधायक कैड़ा ने किया छिड़ाखान-अधोड़ा-मीडार मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया जोर

भीमताल – ओखलकांडा ब्लॉक के छिड़ाखान से अधोड़ा-मीडार मोटर मार्ग की जर्जर हालत से क्षेत्रवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क खराब होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी और लोगों को यातायात एवं माल ढुलाई में परेशानियां झेलनी पड़ रही थीं। ग्रामीणों की मांग पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री से इस सड़क के सुधार, चौड़ीकरण और डामरीकरण की मांग की थी।
मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद पीएमजीएसवाई (फेज-3) के तहत 25 किमी लंबे इस मार्ग के लिए 19 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई और निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ। इस कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने के लिए विधायक राम सिंह कैड़ा ने छिड़ाखान-अधोड़ा-मीडार मोटर मार्ग का दौरा किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांची। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीवारों का निर्माण, सोलिंग और चौड़ीकरण का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए।
निरीक्षण के दौरान विधायक कैड़ा ने कहा कि ठंड के मौसम में दीवारों का निर्माण, सोलिंग और चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है, जबकि डामरीकरण का कार्य मार्च के बाद शुरू किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने और निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।विधायक ने कहा कि इस मोटर मार्ग के पूर्ण होने से डालकन्या, अधोड़ा, सुवाकोट, पोखरी, अमजड, मीडार, पदमपुर सहित रीठा साहिब और चंपावत क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इस सड़क से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर विधायक कैड़ा और सरकार का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *