भीमताल : विधानसभा भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा ने रविवार को ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने बेडचूला, सुनी, कटना, कोटला, ढोलीगांव, तल्ला कांडा, मल्ला कांडा, धैना सहित कई गांवों में जनसंवाद किया।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के सम्मुख बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि कई क्षेत्रों में सड़कें जर्जर हालत में हैं, जिससे आवाजाही में दिक्कत होती है। साथ ही, पेयजल संकट और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर भी लोगों ने अपनी परेशानियां साझा कीं।
विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पीडब्लूडी विभाग के अधिकारियों को गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए मोटर मार्गों की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर गांव को मुख्य सड़क से जोड़ना उनका लक्ष्य है और इसके लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।