विवादित बयान पर बढ़ते दबाव के बाद उठाया कदम
भीमताल । उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपना इस्तीफा सौंप दिया। हाल ही में बजट सत्र के दौरान सदन में पहाड़ी लोगों के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर वह विवादों में थे। इस बयान के बाद से ही विभिन्न संगठनों और विपक्षी दलों द्वारा उनके इस्तीफे की मांग की जा रही थी।
इस्तीफे से पहले प्रेमचंद अग्रवाल ने एक प्रेसवार्ता की, जिसमें वह भावुक हो गए और फफक-फफक कर रो पड़े। उन्होंने अपने राज्य आंदोलन के दौरान किए गए संघर्ष और प्रदेश के प्रति अपने योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया। अग्रवाल ने कहा, “जो शब्द मेरे बयान से पहले बोले गए थे, उनका संदर्भ कुछ और था। मेरा इरादा किसी का अपमान करने का नहीं था। लेकिन सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ गलत माहौल बनाया गया, जिससे मैं आहत हूं।”
इस्तीफे से पहले प्रेमचंद अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा स्थित उत्तराखंड शहीद स्मारक पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इस दौरान प्रदेश की शांति और विकास के लिए संकल्प लिया।
प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद धामी सरकार में अब एक और मंत्री पद खाली हो गया है। पहले से ही धामी कैबिनेट में चार पद रिक्त थे, जिससे जल्द ही नए मंत्रियों की नियुक्ति और संभावित फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं।
अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस घटनाक्रम के बाद कैबिनेट में किसे जगह देते हैं और क्या कोई बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।