कसियालेख-सूपी मार्ग पर डामरीकरण कार्य का विधायक कैड़ा ने किया निरीक्षण

निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

भीमताल : क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए कसियालेख से सुपी-पाटा मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य शुरू हो गया है। शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। बताते चलें कि कसियालेख से बूढ़ीबना, सुपी, लोद, गल्ला होते हुए पाटा तक का मोटर मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल स्थिति में था। मार्ग पर गड्ढों और जर्जर सड़कों के कारण दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता था। इसके साथ ही, स्थानीय ग्रामीणों को अपने कृषि उत्पाद मंडी तक पहुंचाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की मांग पर विधायक कैड़ा ने इस मार्ग के सोलिंग, दीवार निर्माण, डामरीकरण और चौड़ीकरण कार्य हेतु 17 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कराई। इसी क्रम में अब कार्य प्रारंभ हो चुका है। निरीक्षण के दौरान विधायक कैड़ा ने कहा कि इस मोटर मार्ग के सुधारीकरण से न केवल लोगों की यात्रा सुविधा बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा किया जाए।
विधायक के निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की दिशा में उठाए गए ठोस कदम के लिए विधायक का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *