भीमताल: भीमताल विधानसभा क्षेत्र के पतलोट-भनपोखरा-कौडार-पस्या मोटर मार्ग का हाल ही में विधायक राम सिंह कैड़ा ने निरीक्षण किया। यह मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती थी और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने विधायक से सोलिंग, दीवार निर्माण और डामरीकरण की मांग की थी। इस पर विधायक कैड़ा ने करीब 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाकर सड़क के सुधारीकरण, चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य शुरू करवाया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
विधायक कैड़ा ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को यातायात में राहत मिलेगी और उनके कृषि उत्पादों को आसानी से मंडियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि सड़क के साथ सुरक्षा दीवारों, कलमट (नाली निर्माण) और सोलिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त किया और जल्द से जल्द सड़क को पूरी तरह से दुरुस्त करने की अपील की। इस मौके पर अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय ग्रामीणों की उपस्थिति रही।