रीखाकोट-खनसयू मोटरमार्ग आठ माह से बंद, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

भीमताल: रीखाकोट-खनसयू मोटरमार्ग पिछले आठ महीनों से बंद पड़ा है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क न खुलने से नाराज ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सोमवार को ग्राम प्रधान खीमानंद पलड़िया और राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु की अध्यक्षता में धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान हरीश पनेरु ने दूरभाष के माध्यम से उच्च अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया और चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो जनता बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने पीएमजीएसवाई विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस सड़क मार्ग पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्राम प्रधान खीमानंद पलड़िया ने कहा कि शासन-प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि जनता को लगातार गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया और कहा कि जनता की सहनशक्ति की परीक्षा लेना अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भारी पड़ सकता है।
धरने की खबर मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और मौके पर जेसीबी मशीन भेजी गई। अस्थायी रूप से सड़क को खोलने का कार्य शुरू कर दिया गया।
राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने साफ शब्दों में कहा कि अगर जल्द ही इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई और गुणवत्ता सुधारी नहीं गई, तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार में लिप्त नेताओं और अधिकारियों को सबक सिखाने के लिए जनता तैयार है।धरना प्रदर्शन में गोविंद सिंह, बलवंत सिंह, चंदन सिंह, ललित मोहन बेलवाल, खीम सिंह, हरगोविंद सुयाल सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *