भीमताल : विधानसभा भीमताल के विनायक से धानाचुली मोटर मार्ग पर ठंड के मौसम में हो रहे डामरीकरण कार्य को विधायक राम सिंह कैड़ा ने निरीक्षण के दौरान रुकवा दिया। क्षेत्र में हो रहे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने अधिकारियों को ठंड में डामरीकरण कार्य बंद करने के निर्देश दिए।विधानसभा
क्षेत्र के खुटानी से पदमपुरी, धारी, धानाचुली, पहाड़पानी और मानाघेर मोटर मार्ग की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी। किसानों और आम लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की मांग पर विधायक कैड़ा ने शासन से 17 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करवाई और डामरीकरण कार्य शुरू किया गया।
विधायक कैड़ा ने चाफी के पास चल रहे डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने देखा कि ठंड में हो रहे कार्य से सड़क पर डामर जगह-जगह उखड़ रहा है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और कार्य को तत्काल रुकवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “ठंड के मौसम में डामरीकरण का कार्य टिकाऊ नहीं होता और इससे जनता के धन का दुरुपयोग होगा।”
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डामरीकरण कार्य मार्च के बाद गर्म मौसम में शुरू किया जाए ताकि गुणवत्ता में कोई कमी न हो। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता के लिए धन स्वीकृत किया है, और इसका दुरुपयोग किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।
विधायक कैड़ा ने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के मुख्य मोटर मार्गों पर डामरीकरण कार्य के लिए धन स्वीकृत किया गया है। कई सड़कों पर कार्य पूरा हो चुका है और शेष पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।