व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा— श्रद्धालुओं को मिला शांतिपूर्ण और दिव्य अनुभव
भीमताल : विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज जी के पावन आश्रम कैंची धाम के स्थापना दिवस पर आयोजित भव्य मेले की सफलता पर नैनीताल-उधम सिंह नगर से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
सांसद भट्ट ने कहा कि बाबा नीम करौली महाराज जी के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री धामी के कुशल नेतृत्व में इस वर्ष का आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कैंची धाम पहुंचकर दर्शन लाभ लिया और कार्यक्रमों में सहभागिता की। संपूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण, भव्य और अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा यातायात, सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं अत्यंत प्रभावी रहीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। सांसद भट्ट ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रदेश की धार्मिक आस्था और संस्कृति के संरक्षण के प्रति आपकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय है। आपने उत्तराखंड को न केवल आस्था का केंद्र बनाया, बल्कि सुव्यवस्था का भी उदाहरण प्रस्तुत किया है। इसके साथ ही उन्होंने कैंची धाम मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधकों, सदस्यों तथा सेवा कार्यों में लगे सभी प्रशासनिक एवं स्वयंसेवी कर्मियों का भी आभार जताया।