नैनीताल जिले में चार दिसंबर को होगा कार्यक्रम
भीमताल । परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण वर्ष 2024 के तहत चार दिसंबर को जनपद नैनीताल में सर्वेक्षण अभियान में 135 विद्यालय प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम में लगभग 6000 बच्चों को सर्वेक्षण की जानकारी दी जाएगी। एनसीईआरटी के दिशा निर्देशन में देश भर में हो हो रहे सर्वेक्षण की व्यापक तैयारी की जा रही है। जिला संयोजक मुख्य शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा ने बताया कि चार दिसंबर को सभी विद्यालयों को खुला रखना शत प्रतिशत शिक्षकों एवं छात्रों की उपस्थिति के लिए निर्देश जारी किए है। उन्होंने सभी खंड शिक्षाधिकारियों और उप शिक्षा अधिकारियों को इस सर्वेक्षण को गंभीरता से लेने की निर्देश दिए। बताया कि उक्त सर्वेक्षण सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय सरकारी विद्यालय और निजी विद्यालयों के कक्षा 3, 6 व 9 के चयनित 135 विद्यालय में किया जा रहा है। उक्त सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत फाऊंडेशनल स्टेज, प्रिपेरटॉरी स्टेज, मिडिल स्टेज पर भाषा, गणित प्रवेशीय अध्ययन विज्ञान व सामाजिक विज्ञान के दक्षताओं को जांचना है। उपरोक्त सर्वेक्षण के बाद राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालयों में पठन-पाठन शिक्षकों के प्रशिक्षण एवं बुनियादी सुविधाओं के लिए नई नीतियां बनाई जाएंगी। जनपद स्तर पर इस कार्यक्रम के जिला समन्यवक डॉ प्रेम सिंह मावड़ी और डॉ शैलेंद्र धपोला ने बताया कि सर्वेक्षण की व्यापक तैयारी के लिए 150 क्षेत्र अन्वेषकों को नियुक्ति किया गया है। क्षेत्र अन्वेषकों की भूमिका डीएलएड प्रशिक्षु महाविद्यालय हल्द्वानी और डिग्री कॉलेज हरमन माइनर भीमताल के बीएड प्रशिक्षु निभाएंगे। विद्यालयों में इसके लिए विशेष तैयारी भी करने के निर्देश दिए गए हैं। डायट प्रभारी प्राचार्य ललित प्रसाद तिवारी ने सभी विद्यालयों से सर्वेक्षण में बढ़ चढ़कर कर प्रतिभाग करने को कहा। ताकि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के प्रतिफल का सही आकलन किया जा सके। सर्वेक्षण की जिम्मेदारी जनपद स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी, डायट प्राचार्य और सीबीएसई के जिला नोडल कोऑर्डिनेटर को दी गई है।