ब्लॉक प्रमुख ने किया हरिनगर जंगलियागांव प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए भवन दुरुस्त कराने के निर्देश
भीमताल। ग्राम पंचायत हरिनगर जंगलियागांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की बदहाल स्थिति सामने आने के बाद ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। विद्यालय भवन की छत जर्जर होने के कारण बारिश का पानी कक्षों में भर रहा है। वहीं विद्यालय के खिड़की-दरवाजे भी टूटे पड़े हैं। विद्यालय की हालत देखकर ब्लॉक प्रमुख ने नाराजगी जताते हुए इसे विभागीय अधिकारियों की गंभीर लापरवाही बताया।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने बताया कि विद्यालय भवन का निर्माण करीब 30 वर्ष पूर्व कराया गया था। आठ अगस्त 1995 को तत्कालीन राज्यपाल मोतीलाल बोरा ने इसी स्थान पर गांधी ग्राम का उद्घाटन किया था। इसी कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की नींव रखी गई थी। तब से विद्यालय में लगातार पठन-पाठन कार्य संचालित हो रहा है। वर्तमान में विद्यालय में छात्र-छात्राओं की संख्या भी संतोषजनक है।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालय भवन की मरम्मत और आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि विद्यालय भवन की स्थिति सुधारने के लिए वह अपने स्तर से भी हरसंभव प्रयास करेंगे।
इससे पूर्व ब्लॉक प्रमुख और खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग ने हरिनगर स्थित सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान का भी निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख का जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान जानकी आर्य, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गंगोला, ग्राम प्रधान जंगलियागांव राधा कुल्याल, ग्राम प्रधान सोनगांव मुकेश पलड़िया, पूर्व प्रधान वीरेंद्र कुमार, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सोबन राम, दीपा पड़ियार, प्रेम सिंह कुल्याल, नीरज पड़ियार, लक्ष्मी देवी, दीपा देवी, लीला देवी, जगत राम, गोपाल राम, राजेंद्र सिंह पड़ियार, रमेश चंद्र आर्य, कुंदन सिंह जीना, कमल कुल्याल सहित दर्जनों अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।