20 जुलाई को रेड अलर्ट, 21-22 को ऑरेंज अलर्ट: भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट मोड में

भीमताल : जनपद नैनीताल में आगामी तीन दिनों तक मौसम विभाग ने भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के अनुसार, 20 जुलाई को रेड अलर्ट और 21 व 22 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि 20 जुलाई को जनपद के कुछ क्षेत्रों में अत्यंत भारी वर्षा और कुछ स्थानों पर तीव्र से अति तीव्र वर्षा की संभावना है। वहीं, 21 और 22 जुलाई को भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तहसील, आपदा कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को तत्काल जानकारी देने को कहा गया है। अपर जिलाधिकारी ने आईआरएस प्रणाली के अंतर्गत तैनात अधिकारियों, तहसील व जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है। एनएच, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई और एडीबी को मार्ग बाधा की स्थिति में तत्काल सड़कें खोलने के निर्देश दिए गए हैं। सभी राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी व ग्राम पंचायत अधिकारी अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहेंगे।
चौकियों व थानों को आपदा उपकरणों और वायरलेस सेट के साथ सतर्क रहने को कहा गया है। इस दौरान कोई भी अधिकारी/कर्मचारी अपना मोबाइल स्विच ऑफ नहीं करेगा। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में पहले से उपकरण तैनात रखने के निर्देश हैं।

आपदा की सूचना के लिए ये नंबर रहें उपयोगी:
• जिला आपदा कक्ष (DEOC): 05942-231178, 231179, 231181
• टोल फ्री: 1077
• राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष (SEOC): 0135-2710334, 2710335
• वैकल्पिक मोबाइल नंबर: 9058441404, 8218867005

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *