पंचायतों में प्रशासक नियुक्त करने की मांग
भीमताल : विकासखंड भीमताल के निवर्तमान ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने खंड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपते हुए पंचायत व्यवस्था में सुधार की मांग की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार और पंचायती राज विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की।
जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि सरकार एक तरफ त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ आपसी विवाद को बढ़ावा देकर जनता के कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रही है। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्षों की तर्ज पर ग्राम पंचायतों में प्रशासक नियुक्त करने की मांग की, ताकि विकास कार्य निर्विघ्न रूप से चल सकें।
ज्ञापन में निवर्तमान प्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायतों के बिना आम जनता के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
इस अवसर पर हरगोबिन्द रावत, हेमा आर्य, राधा कुल्याल, जया बोरा, लता पलड़िया, पूरन भट्ट, विपिन जंतवाल, पवन बेलवाल, दिनेश चंद्र आर्य, और कमलेश आर्य सहित अन्य लोग मौजूद थे।