भीमताल : नगर निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। भवाली नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए पार्टी ने प्रकाश आर्य को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। टिकट मिलने के बाद प्रकाश आर्य ने अपने उत्साह और संकल्प को साझा करते हुए कहा कि वह इस चुनाव में गोल्ज्यू महाराज, देवी भगवती, और नानतिन महाराज का आशीर्वाद लेकर उतर रहे हैं।
प्रकाश आर्य ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में पार्टी में काम करने का लंबा अनुभव उनके लिए बड़ी उपलब्धि साबित हुआ है। उन्होंने कहा, “भाजपा ने मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है, जिसके लिए मैं नेतृत्व का दिल से आभारी हूं। मेरा हर पल और हर कार्य समाजहित, गरीब कल्याण और आम जनता के नाम समर्पित रहेगा।”
प्रकाश आर्य ने अपने क्षेत्र की समस्याओं को अच्छी तरह समझने का दावा करते हुए कहा कि वह जनता की समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्यार और आशीर्वाद से वे बड़ी जीत दर्ज करेंगे और भवाली नगर पालिका में भाजपा का परचम लहराएंगे।
उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य भवाली के विकास को गति देना और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश और जिला नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।