हर गांव को सड़क से जोड़ना प्राथमिकता : विधायक कैड़ा

भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को धारी ब्लॉक के सभागार में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की और जरूरी निर्देश दिए।

विधायक कैड़ा ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य हर गांव को सड़क मार्ग से जोड़ना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेस-4) को फिर से शुरू किया गया है, जिसके तहत नए मोटर मार्गों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों में सड़क निर्माण की जरूरत है, उनके प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे जाएं।
विधायक ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों को पहले ही मोटर मार्गों से जोड़ा जा चुका है और शेष गांवों को जोड़ने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण से जुड़ी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि गांवों का विकास तेजी से हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *