भीमताल । नौकुचियाताल के निचले क्षेत्र में स्थित टैक्सी/जीप स्टैंड को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से नई व्यवस्था लागू करने की मांग की है। इस संबंध में जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर टैक्सी स्टैंड को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में जिस स्थान पर टैक्सी स्टैंड संचालित हो रहा है, वहां पहले जीप स्टैंड हुआ करता था, लेकिन अब उसी स्थान पर अव्यवस्थित पार्किंग हो रही है। इससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि संकरी सड़क और बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि टैक्सी स्टैंड को किसी अन्य सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाए, तो यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को राहत मिलेगी।
प्रशासन से मांग की गई है कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से पहले आवश्यक कार्रवाई करते हुए टैक्सी स्टैंड के लिए नया स्थान चिन्हित किया जाए और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन जल्द ही इस समस्या का समाधान करेगा।