समग्र शिक्षा के तहत कार्यरत शिक्षकों का मार्च से नहीं मिला वेतन
भीमताल : जनपद के समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत कार्यरत औपबंधिक शिक्षक पिछले तीन माह से वेतन न मिलने के कारण परेशान हैं। वेतन न मिलने से इन शिक्षकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इस संबंध में सोमवार को शिक्षक संगठन के प्रतिनिधियों ने मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) से मुलाकात कर जल्द वेतन भुगतान की मांग की। वार्ता के दौरान सीईओ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुख्य कोषाधिकारी नैनीताल से दूरभाष पर संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया। कोषाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि सीईओ द्वारा पत्र जारी किया जाए तो वे तीन माह का लंबित वेतन जारी कर सकते हैं। इसके बाद सीईओ द्वारा तत्काल पत्र जारी कर दिया गया। शिक्षक संगठन का कहना है कि राज्य सरकार के अधीन कार्यरत औपबंधिक शिक्षकों को नियमित वेतन मिल रहा है, लेकिन समग्र शिक्षा के तहत कार्यरत शिक्षकों का मार्च माह से वेतन अटका हुआ है। इससे उनके परिवारों का भरण-पोषण भी मुश्किल हो गया है।
शिक्षक नेताओं ने जताई चिंता
इस मौके पर संगठन की ओर से ओखलकांडा के अध्यक्ष गोपाल बिष्ट, मंत्री हीराबल्लभ बसानी, कोटाबाग के अध्यक्ष प्रेम काण्डपाल, भीमताल के मंत्री हेम भट्ट और जिला मंत्री बंशीधर कांडपाल मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि जल्द वेतन नहीं मिला तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।