भीमताल : आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पं0) एवं मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडे ने की।
बैठक में जनपद के सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्वाचक नामावलियों को त्रुटिहीन, शुद्ध एवं परिपूर्ण रूप से तैयार किया जाए। इसके लिए प्रत्येक खंड विकास अधिकारी को अपने क्षेत्र की कुल ग्राम पंचायतों में से 25 प्रतिशत का भौतिक सत्यापन कर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी कहा कि विकासखंडों में उपलब्ध मतपेटियों की जांच कर उनमें ऑइलिंग और ग्रीसिंग का कार्य पूरा किया जाए। साथ ही, मतदान केंद्रों और स्थलों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।इस बैठक में जनपद के सभी खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।