कई वार्डों में अनुपस्थित मिले सफाई कर्मचारी और सफाई नायक, कार्रवाई के निर्देश
भीमताल। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह नगर आयुक्त आशिमा गोयल के नेतृत्व में नगर निगम की पांच अलग-अलग टीमों ने विभिन्न वार्डों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई सफाई कर्मचारी और सफाई नायक अपने निर्धारित कार्यस्थलों से अनुपस्थित मिले। नगर आयुक्त ने इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने स्वयं वार्ड संख्या 3, 4 और 6 का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं नगर निगम के अन्य अधिकारियों की चार टीमों ने वार्ड संख्या 11, 17, 18, 25, 26, 27, 34, 36, 37, 57, 58 और 60 में निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था के साथ कर्मचारियों की उपस्थिति भी जांची गई।
निरीक्षण में कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आने पर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी सफाई कर्मचारी और सफाई नायक निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर पहुंचें और पूरी कार्यावधि में जिम्मेदारी से काम करें। साथ ही सभी कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य किया जाए।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था नगर निगम की कार्यप्रणाली और शहर की छवि का आईना होती है। स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर नागरिकों के जीवन स्तर से भी सीधे जुड़ा है। ऐसे में सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में जवाबदेही तय करने के लिए आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।