भीमताल, 29 जुलाई। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के आदेश पर बुधवार को पटेलिया खत्ता में वन गुज्जर समुदाय के साथ सेला पर्व मनाया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल का वन गुज्जर समुदाय ने पारंपरिक ढंग से स्वागत किया। समुदाय के पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) ने सेला पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं समुदाय की सदस्य शेर बनो ने अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों के महत्व का संदेश दिया।
शिविर के दौरान वन गुज्जर समुदाय के लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं सचिव के समक्ष रखीं। सचिव पारुल थपलियाल ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर डिप्टी रेंजर दिवान सिंह रौतेला ने कहा कि वनों के संरक्षण में वन गुज्जर समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और वर्षों से यह समुदाय जंगलों की सुरक्षा में सहयोग करता आ रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वन गुज्जर समुदाय के निदेशक मो. इशाक, वन दरोगा सुरेश चंद्र तिवारी, वन बीट अधिकारी दीपक नेगी, वन बीट अधिकारी विशाल तथा बन्नाखेड़ा रेंज, तराई पश्चिम वन प्रभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।