सेवा पखवाड़ा: रामनगर में 27 विभाग एक मंच पर, 53 शिकायतों में 32 का मौके पर निस्तारण

भीमताल, 06 जुलाई। मुख्यमंत्री के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड सभागार, रामनगर में स्वास्थ्य एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 27 विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीवान सिंह बिष्ट एवं मंजू नेगी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं और सरकारी योजनाओं का लाभ लिया।

शिविर को संबोधित करते हुए विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

शिविर की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्ष 2016 एवं 2018 से न्यायालय में लंबित तीन मामलों की सुनवाई शिविर स्थल पर ही कर उनका विधिसम्मत निस्तारण कराया।

शिविर में कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। भूमि विवाद, सड़क मरम्मत, जल निकासी, विरासत, पेयजल, अवैध अतिक्रमण और सिंचाई विभाग से जुड़े मामलों पर अधिकारियों ने सुनवाई कर आवश्यक निर्देश जारी किए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 15 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण, पेयजल, कृषि सहित 27 विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया तथा पात्र नागरिकों के आवेदन स्वीकार किए।

इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग से पंजीकृत पार्वतीय महिला ग्राम विकास समिति, रामनगर के सांस्कृतिक दल ने लोकगीतों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया।

कार्यक्रम में शांति मेहरा, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पांडे, तहसीलदार मनीषा मकराना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *