भवन मानचित्र स्वीकृति के लिए 2 जुलाई को लगेगा विशेष शिविर, मौके पर ही मिलेगा निस्तारण

जनसामान्य को राहत देते हुए जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण नैनीताल द्वारा भवन मानचित्रों की स्वीकृति के लिए विशेष शिविर का आयोजन

भीमताल : सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजयनाथ शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम एवं नगर पालिका परिषद रामनगर क्षेत्र में आने वाले भवन मानचित्रों का मौके पर ही परीक्षण कर स्वीकृति प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह पहल जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शुक्ल ने बताया कि शिविर के दौरान जिन प्रकरणों में विभिन्न विभागों की अनापत्ति (NOC) आवश्यक होगी, वहां मौके पर ही संबंधित विभागों की उपस्थिति में निस्तारण किया जाएगा। केवल क्रिटिकल मामलों को शिविर में नहीं सुलझाया जाएगा। शिविर की सफलता के लिए नगर निगम, तहसील, नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, जल संस्थान, विद्युत विभाग, उद्यान विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अग्निशमन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों व प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर शिविर में मौजूद रहकर कार्य को सुगम बनाएं, ताकि लोगों को त्वरित और पारदर्शी सेवा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *