हल्द्वानी में अतिक्रमण नोटिसों से मचा हड़कंप

सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री से लगाई हस्तक्षेप की गुहार

भीमताल : हल्द्वानी नगर के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षों से निवास कर रहे परिवारों को मिले अतिक्रमण नोटिसों से उत्पन्न जनाक्रोश और असमंजस के बीच पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व नैनीताल-उधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर इन नोटिसों पर तत्काल रोक लगाने और मामले में सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की मांग की है। सांसद भट्ट ने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपते हुए कहा कि हल्द्वानी के दमुवाडूंगा, सुभाष नगर, आवास विकास, भगवानपुर आदि क्षेत्रों में 40 से 50 वर्षों से रह रहे अनेक परिवारों को अतिक्रमण से संबंधित नोटिस जारी किए गए हैं, जिससे नागरिकों में भारी भय और भ्रम का वातावरण बन गया है। सांसद ने बताया कि इन क्षेत्रों के अधिकांश निवासी अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चम्पावत और नैनीताल जैसे पर्वतीय जिलों से पलायन कर यहां बसे हैं। उन्होंने अपने जीवन की पूंजी लगाकर वैध रूप से भूमि क्रय कर रजिस्ट्री कराई और मकान बनाए। वर्षों से ये नागरिक शांति और अनुशासन के साथ जीवनयापन कर रहे हैं। भट्ट ने चिंता जताई कि इन परिवारों में कई सदस्य ऐसे हैं, जो भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों में सेवारत हैं या देश सेवा कर चुके हैं। “ऐसे देशभक्त परिवारों को अतिक्रमणकारी बताना न केवल अनुचित है, बल्कि मानसिक रूप से उन्हें प्रताड़ित करने जैसा है,” उन्होंने कहा। सांसद ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि “जनहित को दृष्टिगत रखते हुए इन नोटिसों को तत्काल निरस्त किया जाए या सहानुभूतिपूर्वक पुनर्विचार किया जाए, ताकि मेहनतकश व निर्दोष नागरिकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *