भीमताल : हरमन माइनर स्कूल में इंडो-रशियन इंटरनेशनल कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रूस की मिनिन यूनिवर्सिटी, निजनी नोवगोरोड के प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और रूस की सांस्कृतिक धरोहर को साझा मंच पर प्रस्तुत करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख डॉ. देवोरति बोस ने दीप प्रज्वलित करके किया।इस मौक़े पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मुक्ता, प्रधानाचार्या महिमा भट्ट और रूसी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अतिथियों का पारंपरिक कुमाऊनी रीति-रिवाज से तिलक लगाकर स्वागत किया गया। छोलिया नृत्य, कुमाऊनी लोकगीत, और शिव तांडव जैसी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रूसी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों, जिनमें डेनियल सोलोविव, डारिया शबालकिना, ओक्साना किस्लोवा, ओल्गा फेडेनकोवा और मक्सिम क्रुग्लोव शामिल थे, से बातचीत की और उनकी संस्कृति को समझा। इसी दौरान विद्यार्थियों ने भी अतिथियों को उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया।
संस्था प्रमुख डॉ. देवोरति बोस ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से विद्यालय को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलती है और छात्रों को अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। प्रधानाचार्या महिमा भट्ट ने छात्रों को अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या महिमा भट्ट ने सभी अतिथियों को शाल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर धारी ब्लॉक प्रमुख आशा रानी, एसओएस बालग्राम भीमताल के आशीष, अभिभावक और विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।