भीमताल : पंचायत निर्वाचन-2025 की मतगणना के लिए नियुक्त कार्मिकों का तृतीय रैण्डमाइजेशन बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) वंदना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। रैण्डमाइजेशन की प्रक्रिया जिला कार्यालय स्थित सभागार में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तैनात प्रेक्षकगण विनीत तोमर, जय किशन, शिव चरण द्विवेदी एवं ब्रजमोहन सिंह रावत की उपस्थिति में की गई। जिले के आठों विकास खंडों में 31 जुलाई को दो पालियों में मतगणना कराई जाएगी। इस हेतु कुल 1580 मतगणना कार्मिकों (316 सुपरवाइजर एवं 1264 सहायक) की तैनाती की गई है। प्रत्येक टेबल पर चार सहायक और एक सुपरवाइजर नियुक्त रहेगा। कार्मिकों को विकास खंडवार टेबल आवंटित कर दिए गए हैं।
मतगणना के लिए कुल 129 टेबल लगाई गई हैं, जिसमे हल्द्वानी – 28, रामनगर – 20, धारी, ओखलकांडा, भीमताल, कोटाबाग, बेतालघाट – प्रत्येक में 14 और रामगढ़ में 11 है।
प्रत्येक मतगणना स्थल पर 31 जुलाई को सुबह 6 बजे तृतीय प्रशिक्षण आयोजित होगा, और मतगणना कार्य प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगा। सभी स्थलों पर प्रत्याशियों के परिणाम की जानकारी हेतु लाउडस्पीकर की व्यवस्था रहेगी।
जिलाधिकारी वंदना ने रिटर्निंग अधिकारियों को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक समय से स्थल पर पहुंचें, मतगणना हॉल में मोबाइल फोन ले जाना वर्जित रहेगा, और सभी के मोबाइल बाहर जमा किए जाएंगे। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक मतगणना केंद्र पर पेयजल, एंबुलेंस व चिकित्सकीय सुविधा की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। धारी ब्लॉक में सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को और शेष सात विकास खंडों में उप जिलाधिकारी को मतगणना के लिए प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी जी.पी. जायसवाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी सहित सभी रिटर्निंग अधिकारी मौजूद रहे।