भीमताल: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और विकास पुरुष के नाम से विख्यात पंडित नारायण दत्त तिवारी की जयंती और पुण्यतिथि के अवसर पर आज भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा ने उनके पैतृक गांव पदमपुरी में उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधायक कैड़ा ने बताया कि पंडित नारायण दत्त तिवारी की जयंती और पुण्यतिथि एक ही दिन, 18 अक्टूबर को होती है। उन्होंने कहा कि तिवारी ने न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के विकास में अहम भूमिका निभाई। वह केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों का नेतृत्व कर चुके हैं और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के चार बार मुख्यमंत्री भी रहे। इसके अलावा, वे आंध्र प्रदेश के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
कैड़ा ने तिवारी के भीमताल विधानसभा क्षेत्र से विशेष लगाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में कई विकास कार्य किए गए। उनकी स्मृति को संजोए रखने के लिए विधायक निधि से उनके पैतृक गांव पदमपुरी में एक पार्क का निर्माण करवाया गया है, और विधायक कैड़ा ने अपने निजी खर्चे से उनकी मूर्ति स्थापित की है। हर साल उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर यहां श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह बिष्ट, दुर्गा दत्त तिवारी, मोहन पाठक, विवेक डंगवाल, ग्राम प्रधान सरोज आर्या, प्रकाश चंद्र, दिवान सिंह बिष्ट, भवान बिष्ट, महेन्द्र बिष्ट, हरीश नयाल समेत कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
