भीमताल : भीमताल, वार्ड 5 के ढूंगशील रावत गाँव में करीब दो दर्जन परिवारों को जोड़ने वाला सार्वजनिक सीसी मार्ग भारी बारिश के बाद गंभीर क्षतिग्रस्त हो गया। बीते दिन हुई तेज बारिश के चलते मार्ग की साइड दीवार ढह गई, जिससे सीसी मार्ग पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं। इस वजह से स्थानीय लोगों को अपने घरों तक पहुँचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह समस्या विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बीमार व्यक्तियों और वृद्ध जनों के लिए अत्यधिक कष्टप्रद बन गई है। स्थानीय निवासी उत्तम सूर्या ने फ़ोन के माध्यम से नगर के सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी को इस समस्या से अवगत कराया। बृजवासी ने तुरंत इस समस्या को राजस्व विभाग, नगर पालिका और जिला प्रशासन के अधिकारियों तक पहुँचाया। उन्होंने अनुरोध किया कि दीवार का निर्माण और मार्ग की मरम्मत शीघ्र की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके। मार्ग के सुधारीकरण को लेकर पटवारी भुवन जोशी ने बताया कि मौके पर जाकर रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को जल्दी भेज दी जाएगी lमांग करने वालों में अनुज पाठक, राजू रावत, मोहन रावत, नीमा नेगी, एडवोकेट मंजू कौटिल्या, बबलू रावत आदि शामिल थे।
स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या का संज्ञान लेकर उचित कार्यवाही करेगा।