भीमताल में रात्रि सफाई व्यवस्था शुरू, पर्यटकों और दुकानदारों को मिलेगी राहत

Social Reporting

भीमताल: पर्यटकों और स्थानीय कारोबारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए भीमताल नगर पालिका ने रात्रि सफाई व्यवस्था की शुरुआत की है। यह कदम नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है, जिससे कूड़ा-कचरा और गंदगी से किसी को कोई परेशानी न हो।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) उदयवीर सिंह ने बताया कि इन दिनों नगर में देर रात तक पर्यटकों की चहल-पहल और दुकानों का खुला रहना आम बात हो गई है। दिन में सफाई करने से उठने वाली धूल से न सिर्फ दुकानदारों को बल्कि पर्यटकों को भी खासी दिक्कत होती थी। इस समस्या के समाधान के लिए रात्रि सफाई व्यवस्था शुरू की गई है।
रात्रि सफाई की शुरुआत से बाजार में देर रात तक खुली रहने वाली दुकानों और लगातार आने वाले पर्यटकों को साफ-सुथरा माहौल मिलेगा। सफाई कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया है ताकि सफाई का कार्य सुचारु रूप से किया जा सके।
इस नई व्यवस्था से न केवल भीमताल नगर की स्वच्छता में सुधार होगा, बल्कि पर्यटकों के लिए यह जगह और अधिक आकर्षक बनेगी, जिससे नगर की साख और बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *