विकास भवन भीमताल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी के तहत तीसरे दिन भी हुआ योगाभ्यास

नोडल अधिकारी की अगुवाई में 26 प्रतिभागियों ने लिया योग सत्र में भाग

भीमताल : 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) की पूर्व तैयारियों के तहत विकास भवन भीमताल परिसर में बुधवार को लगातार तीसरे दिन प्रातः 6:30 बजे से योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में यह सत्र नोडल अधिकारी डॉ. लक्ष्मण सिंह राणा के निर्देशन में संपन्न हुआ। योग अभ्यास में डॉ. मोहम्मद शकील, डॉ. शशि राणा, विमला शाह, फार्मासिस्ट मुकुंद जोशी, पतंजलि के योग अनुदेशक सहित कुल 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को “नमस्ते ऐप” एवं “योग ऐप” की जानकारी भी दी गई, ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल माध्यम से योग से जुड़ सकें। सत्र में उपस्थित अधिकारियों और योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को नियमित योग करने के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य योग कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को प्रोत्साहित भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना है, बल्कि योग को जन-जन तक पहुंचाना भी है। अधिकारीगणों ने इस पहल को सफल बनाने के लिए आगामी दिनों में और भी अधिक संख्या में लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *