मानदीप सिंह बने छात्र परिषद के अध्यक्ष
भीमताल (नैनीताल)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के भीमताल स्थित भेषज विज्ञान विभाग में विभागीय छात्र परिषद के वार्षिक चुनाव संपन्न किए गए। जिसमें एमफॉर्म अंतिम वर्ष के छात्र मनदीप सिंह अध्यक्ष, बीफार्म अंतिम वर्ष के छात्र गौरव पांडे उपाध्यक्ष, बीफार्म पंचम सत्र के छात्र मोहित सिंह महासचिव, एमफार्म प्रथम वर्ष के छात्र चेतन सिंह दोसाद खेल सचिव, बीफार्म तृतीय सत्र के छात्र अमन भट्ट सांस्कृतिक सचिव और बीफार्म प्रथम वर्ष के छात्र नकुल भारद्वाज उपसचिव निर्वाचित हुए। विभागीय छात्र परिषद के प्रभारी एवं मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ राजेश्वर कमलकांत ने बताया कि विभाग में सत्र 2023-24 हेतु विभागीय छात्र परिषद का चुनाव संपन्न किया गया। जिसके लिए 6 पदों पर निर्वाचन की प्रक्रिया संपादित की गई। इसमें अध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव के पद पर एक-एक अभ्यर्थी द्वारा नामांकन किया गया। इसके अतिरिक्त शेष चार पदों में से उपाध्यक्ष पद में तीन, महासचिव में दो, खेल सचिव में दो और उपसचिव पद हेतु पांच विद्यार्थियों द्वारा नामांकन किया गया। मतदान के बाद परिणाम की घोषणा की गई। निर्वाचित पदाधिकारी को विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अनीता सिंह ने शपथ दिलाई। उन्होंने विभागीय नियमों को सर्वोपरि रखते छात्रों के हित में कार्य करने का आह्वान किया गया। चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहायक चुनाव अधिकारी अरविंद जंतवाल, मोहम्मद रिजवान, डा एलएस रौतेला, नरेंद्र नेगी, ललित उपाध्याय, त्रिभुवन सुयाल, संतोष बुधलाकोटी, अनिल कुमार के साथ विभाग के समस्त शिक्षक और कर्मचारी शामिल रहे।
