वोकल फोर लोकल को बढ़ावा दे रही महिलाएं
भीमताल। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को विविध प्रकार की गतिविधियों से स्वरोजगार के क्षेत्र में मजबूत बनाया जा रहा है। साथ ही आजीविका सृजन के लिए सशक्त किया जा रहा है और मार्केटिंग में भी योजना के माध्यम से पूर्ण सहयोग महिलाओं को मिल रहा है। एपीडी चंद्रा फर्त्याल ने बताया कि जनपद नैनीताल में कुल 8 स्थिर आऊटलेट, 23 मोबाइल आऊटलेट तथा दो सरस मार्किट (हल्द्वानी और भीमताल) के माध्यम से समूह की उत्पादित सामग्रियों को विपणन केंद्र की सुविधा उपलब्ध है । इसके साथ ही ऑफलाइन और ऑनलाइन मार्केट भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर के सरस मेलों में गोवा, दिल्ली , हैदराबाद आदि राज्यों में भी बेचा गया। उन्होंने कहा कि वोकल फोर लोकल को बढ़ावा देने के लिए समूह की महिलाएं अपने उत्पादों को दुबई, यूएसए, टर्की, जर्मनी आदि देशों तक बेचकर अपनी आजीविका मजबूत बना रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद नैनीताल में कुल 12361 लखपति दीदियां बन गई हैं जो इनके सशक्तिकरण का प्रमाण है। एपीडी ने कहा कि महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।