भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेसी नेताओं पर की कार्यवाही की मांग

Social Reporting

नैनीताल: भाजपा महिला मोर्चा ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए लालकुआं मामले में पीड़िता का नाम उजागर करने वाले कांग्रेसी नेताओं पर तत्काल कार्यवाही की मांग की गई है। महिला मोर्चा का आरोप है कि कांग्रेसी नेताओं ने पीड़िता का नाम सार्वजनिक कर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस और भारतीय न्याय संहिता की धारा 72 का उल्लंघन किया है। महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारियों ने नैनीताल स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचकर एसएसपी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक लाभ के लिए भुनाने का प्रयास कर रहे हैं, जो अत्यंत निंदनीय है। मेहरा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में महिला अपराधों को लेकर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए हैं, और इस मामले में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला मोर्चा ने एसएसपी को सौंपे गए ज्ञापन में सभी दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मामले को प्राथमिकता से लिया जाए।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष कविता गंगोला, जिला महामंत्री प्रगति जैन, दीपिका बिनवाल, पूर्व सभासद तारा राणा, प्रेमा अधिकारी, जीवंती भट्ट, नीतु जोशी, ज्योति ढोडियाल, लता दफोती, मीरा बिष्ट, वर्षा आर्या, कंचन जोशी, और मीनाक्षी आर्या भी मौजूद रहे। एसएसपी मीणा ने मामले को गंभीर मानते हुए सीओ लालकुआं को मामले में तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *