“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत नगर निगम ने बदली तस्वीर
भीमताल : उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पर्यावरणीय चेतना के प्रतीक हरेला पर्व पर नगर निगम हल्द्वानी ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को सार्थक बनाते हुए मंडी बायपास क्षेत्र में हरियाली की नई मिसाल पेश की है।
वर्षों से उपेक्षित और कूड़े-कचरे के ढेर में तब्दील इस क्षेत्र को नगर निगम ने हरे-भरे पेड़ों और रंग-बिरंगे फूलों से सजा दिया है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रारंभ किए गए इस अभियान को जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और वित्तीय सहयोग से सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम को टीम Ecolap ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया, जिससे इसे वैज्ञानिक और दीर्घकालिक स्वरूप मिला। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने कहा, “यह पहल केवल सजावट भर नहीं है, बल्कि प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ और पर्यावरण-संवेदनशील हल्द्वानी की दिशा में एक ठोस कदम है। जल्द ही अन्य उपेक्षित क्षेत्रों को भी इसी तरह संवारा जाएगा।”