92 अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी, जलभराव और अतिक्रमण पर कसी लगाम
भीमताल : नैनीताल जिले में संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। नगर निगम सभागार में सोमवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक रॉय की अध्यक्षता में नगर निगम और नगर पालिका अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद के 92 अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षणों की समीक्षा की गई, जिसमें नालियों में अतिक्रमण, कचरे के ढेर और जलभराव जैसी समस्याओं की रिपोर्ट पेश की गई। एडीएम रॉय ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए और लापरवाही की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी। एडीएम ने बताया कि मॉनसून के दौरान किसी भी आपदा से निपटने के लिए दो-दो वार्डों पर एक अधिकारी की तैनाती की गई है। ये अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और सफाई एवं अतिक्रमण हटाने जैसे कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने जानकारी दी कि सभी वार्डों में नालियों और नालों की सफाई युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर जानबूझकर कचरा फेंकने की शिकायतें मिली हैं, ऐसे में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और दोषियों पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। एडीएम रॉय ने स्पष्ट कहा कि मॉनसून सीजन में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण हों।
बैठक में नगर निगम, नगर पालिका, लोक निर्माण, सिंचाई, जल संस्थान सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।