डीएम वंदना ने की वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठक, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
भीमताल: जनपद में एकल और असहाय वृद्धजनों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सम्मान को लेकर प्रशासन ने अब ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी वंदना ने हल्द्वानी कैंप कार्यालय में वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति के पदाधिकारियों और अन्य वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के प्रत्येक शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में एकल वृद्धजनों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार की जाएगी ताकि नियमित रूप से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम पूछी जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि हर वृद्धजन के घर पर हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराया जाए। बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में नियमित कैंप लगाए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक त्रैमासिक थाना दिवस में पुलिस विभाग वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनेगा और प्राथमिकता से उनका समाधान किया जाएगा। जिले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जबकि हल्द्वानी क्षेत्र के लिए नगर आयुक्त और एसपी सिटी को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि समस्याओं के समाधान की तिथि तय कर हर विभाग प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करेगा।
——————————————
वरिष्ठ जनों से लिए जाएंगे विकास कार्यों के सुझाव
डीएम वंदना ने बताया कि समय-समय पर वरिष्ठ नागरिकों से जिले के विकास हेतु सुझाव लिए जाएंगे और योजनाओं में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने सड़क चौड़ीकरण, गोल्डन कार्ड और आयुष्मान योजना की समस्याएं, आवारा पशुओं से सुरक्षा और पार्कों में बैठने व टहलने की व्यवस्था जैसी मांगें उठाईं।
———————————————
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर होगा भव्य आयोजन
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस को भव्यता से मनाया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में वरिष्ठ जनों के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन हर संभव कदम उठाएगा।
इस मौके पर वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा, शांति मेहरा, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सीएमओ डॉ. हरीश पंत सहित कई अधिकारी व समिति सदस्य मौजूद रहे।