आबकारी विभाग का छापामार अभियान जारी, 51 पाउच कच्ची शराब बरामद

हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में अवैध मदिरा पर कसी नकेल

भीमताल : पंचायत निर्वाचन, महिला सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आबकारी विभाग द्वारा हल्द्वानी एवं लालकुआं क्षेत्र में अवैध मदिरा के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत विभागीय टीम ने कई संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी की, जिसमें बिंदुखत्ता क्षेत्र से 51 पाउच कच्ची शराब बरामद की गई। सहायक आयुक्त आबकारी मीनाक्षी टमटा ने बताया कि पंचायत चुनाव के चलते लागू आदर्श आचार संहिता के तहत यह कार्यवाही लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि विभाग उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार अवैध शराब निर्माण, भंडारण व बिक्री के विरुद्ध कठोर कदम उठा रहा है।
छापेमारी अभियान में आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र सिंह बिष्ट, रुचिका कांडपाल, उप-आबकारी निरीक्षक संजय कुमार, कैलाश जोशी सहित विभागीय टीम ने होटल एवं ढाबों में भी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब परोसने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इसी क्रम में लालकुआं व इसके आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण व विक्रय के मामलों में भी सख्त कदम उठाए गए। विभागीय टीम द्वारा छापेमारी की यह कार्यवाही आगामी दिनों में और भी तेज़ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *