लालकुआं-झांसी साप्ताहिक ट्रेन को दिखाई गई हरी झंडी, लालकुआं रेलवे स्टेशन बनेगा लंबी दूरी की ट्रेनों का हब
काठगोदाम रेलवे स्टेशन का सांसद ने किया निरीक्षण, समयबद्धता और गुणवत्ता पर दिया जोर
भीमताल : लालकुआं से झांसी के लिए संचालित साप्ताहिक रेल सेवा का शुभारंभ बुधवार को सांसद अजय भट्ट, क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट तथा मेयर गजराज सिंह बिष्ट द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर सांसद ने बताया कि यह ट्रेन ‘ऑन डिमांड’ चलाई गई है और यदि यात्रियों की संख्या में वृद्धि होती है, तो भविष्य में इसे नियमित किया जाएगा। प्रथम दिन 176 यात्रियों ने इस ट्रेन में आरक्षण कराया। यह ट्रेन लालकुआं से होते हुए बरेली, कासगंज, मथुरा, आगरा और ग्वालियर के रास्ते झांसी तक पहुंचेगी। सांसद भट्ट ने कहा कि लालकुआं रेलवे स्टेशन के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है, जिससे यहां से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन संभव हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में यहां से वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी सुपरफास्ट ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। सांसद ने लालकुआं से कामाख्या देवी (कोलकाता) तथा काठगोदाम से प्रयागराज के लिए शीघ्र रेल सेवाएं शुरू होने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड के पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और राज्य की आर्थिक प्रगति भी सुनिश्चित होगी। झांसी रेलसेवा के शुभारंभ पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
इसके बाद सांसद अजय भट्ट ने अमृत भारत योजना के अंतर्गत काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि लालकुआं, रामनगर और काठगोदाम रेलवे स्टेशनों को आधुनिक एवं स्थानीय वास्तुकला शैली में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि काठगोदाम स्टेशन पर ₹16 करोड़, लालकुआं में ₹29 करोड़ और रामनगर स्टेशन पर ₹10 करोड़ की लागत से कार्य किए जा रहे हैं। काठगोदाम स्टेशन के पहले चरण में प्लेटफार्मों पर लिफ्ट लगाने एवं यात्रियों के रात्रि विश्राम हेतु डोरमेट्री का निर्माण किया जा रहा है। इसके बाद दूसरे और तीसरे चरण में अन्य कार्य पूरे किए जाएंगे। सांसद ने निर्माण कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी कहा कि दो माह के भीतर पुनः निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस अवसर पर राज्य मंत्री नवीन वर्मा, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, मजहर नईम नवाब, अरुण जोशी, धनसिंह बिष्ट, बॉबी सम्भल, राजकुमार सेतिया, संजीव शर्मा, लालकुआं स्टेशन अधीक्षक पुष्कर सिंह, काठगोदाम स्टेशन अधीक्षक डीएस बोरा समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।