नैनीताल में उपराष्ट्रपति का तीन दिवसीय दौरा, जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा

भीमताल : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपने प्रस्तावित तीन दिवसीय प्रवास पर 25 जून से 27 जून 2025 तक पर्यटन नगरी नैनीताल पहुंच रहे हैं। प्रवास के दौरान वे कुमाऊँ विश्वविद्यालय तथा शेरवुड कॉलेज में आयोजित कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग करेंगे। माननीय उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार, नैनीताल में जिलाधिकारी वंदना सिंह ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उन्हें जो दायित्व सौंपे गए हैं, उनका समयबद्ध और सुचारु रूप से निर्वहन सुनिश्चित किया जाए। अपर जिलाधिकारी विवेक राय को उपराष्ट्रपति जी के भ्रमण के दौरान दोनों कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
सड़क मार्ग की व्यवस्थाओं के लिए अधीक्षण अभियंता, लोनिवि मनोहर सिंह धर्मशक्तु को हल्द्वानी से ज्योलिकोट होते हुए नैनीताल तक के समस्त आंतरिक एवं बाहरी सड़कों को गड्ढामुक्त एवं सुचारु कराने तथा मार्ग से मलवा हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
यात्रा मार्ग में सफाई व्यवस्था हेतु जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि हल्द्वानी से ज्योलिकोट तक नगर निगम हल्द्वानी, ज्योलिकोट से हनुमानगढ़ी तक जिला पंचायत तथा वहां से नैनीताल नगर तक नगर पालिका के माध्यम से नियमित सफाई कार्य सुनिश्चित कराया जाए। इसके अतिरिक्त विद्युत विभाग को सभी कार्यक्रम स्थलों पर विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपराष्ट्रपति जी के लिए मानक अनुरूप मेडिकल टीम आवश्यक दवाओं सहित तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने समस्त विभागों को उपराष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, शैलेन्द्र सिंह नेगी, जीएम केएमवीएन विजय नाथ शुक्ल, अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तु, उप जिलाधिकारी नवाजिस खलिक, बीसी पंत, परितोष वर्मा, डिप्टी कलेक्टर गोपाल सिंह चौहान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *