भीमताल : लगातार भारी बारिश के चलते हल्द्वानी क्षेत्र में नदी-नालों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। रविवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब शेर नाले के तेज बहाव में एक फॉर्च्यूनर कार बह गई। वाहन में सवार दश लोगों की जान पर बन आई थी, लेकिन चोरगलिया पुलिस और स्थानीय लोगों की सतर्कता और साहस से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बहाव बेहद तेज था, लेकिन पुलिस टीम ने जोखिम उठाकर समय पर सभी यात्रियों को निकाल लिया। स्थानीय युवाओं ने भी पुलिस के साथ मिलकर राहत कार्य में अहम भूमिका निभाई। स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। कहा गया है कि बारिश के दौरान नदी-नालों के पास न जाएं, और अनावश्यक यात्रा से बचें। फिलहाल जिले में येलो अलर्ट जारी है और आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।