जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल ने हरेला और सेला पर्व पर चलाया वृक्षारोपण और जागरूकता अभियान
भीमताल : हरेला एवं सेला पर्व के उपलक्ष्य में उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जनपद नैनीताल में विभिन्न स्थलों पर वृक्षारोपण एवं विधिक साक्षरता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
रानीबाग क्षेत्र में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में वरिष्ठ न्यायाधीश एवं कार्यपालक अध्यक्ष, उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार तिवारी, जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष हरीश कुमार गोयल, तथा सदस्य-सचिव प्रदीप कुमार मणी सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर अनेक फलदार एवं छायादार पौधे रोपे गए। इससे पूर्व, 20 जुलाई को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल द्वारा ऊधमसिंहनगर जिला प्राधिकरण व वन गुज्जर ट्राईबल युवा संगठन के सहयोग से भुड़ाखत्ता (पीपल पड़ाव रेंज) में वृक्षारोपण के साथ विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।कार्यक्रम में वन गुज्जर समुदाय को उनके अधिकार, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, एवं वन अधिकार अधिनियम 2006 की जानकारी दी गई। साथ ही, NALSA के टोल फ्री नंबर 15100 और अधिकार मित्र योजना के विषय में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस प्रशासन, प्रभागीय वनाधिकारी, वन पंचायत संघर्ष मोर्चा, तथा वन गुज्जर ट्राईबल युवा संगठन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इन आयोजनों के माध्यम से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला, बल्कि समाज के वंचित वर्गों को न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया गया।