ग्रामीणों को मिली कई विभागों की जानकारी
भीमताल : विकास भवन भीमताल के सभागार में सोमवार को न्याय पंचायत सांगुड़ीगांव के लाभार्थियों के लिए बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सा, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास, राजस्व, आपूर्ति, पशुपालन, बाल विकास, कृषि और उद्यान विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया और ग्रामीणों को संबंधित विभागों की योजनाओं और सेवाओं के बारे में जानकारी दी।
चिकित्सा विभाग द्वारा शिविर में उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। वहीं, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने एक राशन कार्ड में संशोधन और दो राशन कार्ड की केवाईसी पूरी की।
शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उठाने के तरीके समझाए गए, जिससे उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आसानी हो।