भीमताल के इंटर कॉलेज में होगी ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता
भीमताल। भीमताल की खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता 15 और 16अक्टूबर को अटल उत्कृष्ट लीलावती पंत राजकीय इंटर कालेज भीमताल में सम्पन्न होगी। शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी कैना चौहान ने सभी प्रधानाचार्यों को प्रतियोगिता में अधिक से अधिक बच्चों को प्रतिभाग कराने के निर्देश दिए हैं। प्रतियोगिता के खंड संयोजक चन्द्र शेखर जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग में होगी। संस्कृत नाटक, संस्कृत समूहगान, संस्कृत समूह नृत्य, संस्कृत आशु भाषण प्रतियोगिता, संस्कृत वाद-विवाद प्रतियोगिता, संस्कृत श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में छात्र प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में सरकारी, अर्द्ध सरकारी, निजी विद्यालयों के साथ ही महाविद्यालयों के छात्र भी प्रतिभाग कर सकते हैं। विजेताओं को पुरस्कार में नगद धनराशि और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर जल्द ही राजकीय इंटर कॉलेज भीमताल में बैठक संपन्न होगी।