गर्भवती महिलाओं और किशोरियों को मिला लाभ
भीमताल : बीआरसी तल्ला रामगढ़ में बाल विकास परियोजना अधिकारी पार्वती कोरंगा की अध्यक्षता में पोषण माह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख पुष्पा नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पोषण के महत्व को समझाना और समुदाय को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए गोदभराई, बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार, कुपोषित बच्चों को विशेष किट और 22 किशोरी बालिकाओं को हाइजीन किट वितरित की गईं,स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर प्रदीप रावत ने एनीमिया के कारणों, लक्षणों और बचाव के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की।इसके अलावा, मिशन शक्ति की जिला नोडल अधिकारी कविता रिमझियाल ने वन स्टॉप सेंटर और महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और 1098 की जानकारी दी। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, और नारी अदालत जैसे महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने पोषण के पाँच प्रमुख सूत्रों और विभाग द्वारा प्रदान किए जाने वाले संपूर्ण आहार की जानकारी दी। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें पौष्टिक व्यंजनों जैसे पोहा, दलिया, सोयाबीन, मडुवा, सूजी और बेसन के चिले आदि बनाए गए। कार्यक्रम का संचालन कविता रिमझियाल ने किया, जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रधान, सुपरवाइजर और क्षेत्रीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।