लालकुआँ नगर पंचायत को स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में “प्रोमिसिंग स्वच्छ शहर” का राष्ट्रीय पुरस्कार

भीमताल : स्वच्छ भारत मिशन की ऐतिहासिक सफलता में उत्तराखंड को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 के भव्य कार्यक्रम में लालकुआँ नगर पंचायत को राज्य में अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान तथा राष्ट्रीय स्तर पर “प्रोमिसिंग स्वच्छ शहर” श्रेणी में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की उपस्थिति में देशभर के 78 निकायों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया।लालकुआँ ने इस वर्ष स्वच्छता रैंकिंग में 1697 स्थान की ऐतिहासिक छलांग लगाते हुए यह राष्ट्रीय सम्मान अर्जित किया है। नगर पंचायत की इस उपलब्धि पर स्थानीय विधायक, नगर पंचायत अध्यक्ष तथा शहरी विकास विभाग के सचिव ने नगर के जनसामान्य, गुलमोहर स्वयं सहायता समूह, पर्यावरण मित्रों और संबंधित कार्मिकों को बधाई दी।
अन्य नगर निकायों की भी शानदार उपलब्धियाँ:
रुद्रपुर नगर निगम ने 349 रैंक का सुधार कर राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
मसूरी नगर पालिका परिषद ने 1172 रैंक की बढ़त के साथ राज्य में तीसरा स्थान हासिल किया।
देहरादून नगर निगम ने भी 6 रैंक का सुधार करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 62वीं रैंक प्राप्त की।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 शहरी भारत का 9वां और अब तक का सबसे व्यापक स्वच्छता सर्वेक्षण रहा, जिसमें 5 जनसंख्या श्रेणियों, गंगा शहरों, छावनी बोर्ड, सफाई मित्र सुरक्षा जैसे विषयों में कुल 78 पुरस्कार वितरित किए गए। नगर पंचायत लालकुआँ की यह उपलब्धि न केवल प्रदेश के लिए गौरव की बात है, बल्कि स्वच्छ भारत मिशन को मजबूती देने वाला प्रेरणास्रोत भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *