71 अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण, सीडीओ ने दिए आचार संहिता पालन के निर्देश
भीमताल : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार को विकास भवन सभागार, भीमताल में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के आठों विकासखंडों के कुल 71 निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण में मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अनामिका ने निर्वाचन की प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में प्रत्याशी 2 जुलाई से 5 जुलाई तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 से 9 जुलाई के बीच की जाएगी, जबकि 10 व 11 जुलाई को नाम वापसी की प्रक्रिया सम्पन्न होगी। 14 जुलाई को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि अधिसूचना जारी होते ही आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा। चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की आशंका या समस्या के समाधान हेतु संबंधित नोडल अधिकारियों अथवा कंट्रोल रूम से तत्काल संपर्क करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गोस्वामी एवं जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा.) हर्ष बहादुर चंद ने बताया कि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नामांकन पत्र के साथ जाति प्रमाण पत्र के साथ-साथ निर्धारित प्रारूपों (प्रारूप अ एवं प्रारूप ब) में शपथ पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
इस बार ग्राम पंचायत सदस्य का मतपत्र सफेद, ग्राम प्रधान का हरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य का नीला, और जिला पंचायत सदस्य का मतपत्र गुलाबी रंग में होगा। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मतदान दलों के गठन, उनके कार्यदायित्व, संपूर्ण मतदान प्रक्रिया तथा विशिष्ट मामलों की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि 25 जुलाई 2019 के बाद जिन अभ्यर्थियों के दो से अधिक जैविक संतानें हैं, वे चुनाव लड़ने के अयोग्य होंगे। इसके अलावा जो अभ्यर्थी किसी राज्य या केंद्र पोषित योजना के अंतर्गत मानदेय प्राप्त कर रहे हैं, वे भी चुनाव नहीं लड़ सकेंगे।
प्रशिक्षण में यह भी जानकारी दी गई कि जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण 2 जुलाई 2025 को ईटीसी बागजाला, हल्द्वानी में पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित होगा।
बैठक में सभी खंड विकास अधिकारी समेत निर्वाचन से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।