जिला प्रशासन अलर्ट मोड में, सभी संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने दिए सतर्कता और त्वरित रिस्पॉन्स के निर्देश, तहसील स्तरीय टीमें जुटीं निगरानी में

भीमताल : लगातार हो रही वर्षा और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की अध्यक्ष वंदना ने सभी विभागों को सतर्क रहने और आपदा की स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों को कहा है कि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल जेसीबी से रास्ते खोलें और संवेदनशील क्षेत्रों में मशीनें पहले से तैनात रखें।जिलाधिकारी ने नदियों-नालों के जलस्तर पर विशेष नजर रखने और खतरे की स्थिति में समीपवर्ती नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही, उन्होंने सभी अधिकारियों को मानसून अवधि में मोबाइल स्विच ऑफ न रखने और किसी भी आपदा सूचना पर तुरंत रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने को कहा है। आमजन से भी अपील की गई है कि भारी बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों से यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बारिश के चलते जिले के सभी तहसील क्षेत्रों में उपजिलाधिकारी व राजस्व टीमें सतर्क हैं। नैनीताल उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक ने खूपी गांव समेत चारटन लॉज, कृष्णापुर, बलिया नाला आदि क्षेत्रों का निरीक्षण किया।रामनगर उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने सांवल्दे, कोसी बैराज, भरतपुरी, पम्पापुरी, चोरपानी आदि क्षेत्रों का दौरा किया। धनगढ़ी और पानोद नाले से आवागमन सुचारु है। कालाढूंगी उपजिलाधिकारी परितोष वर्मा ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया और स्थिति सामान्य बताई। हल्द्वानी नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने जलभराव की समस्या का तुरंत समाधान कराया। उपजिलाधिकारी राहुल शाह ने रकसिया और देवखड़ी नालों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।कैंची धाम उपजिलाधिकारी मोनिका ने भवाली-अल्मोड़ा मार्ग, चमड़िया, खेरना-बेतालघाट और शैलकोर्ट क्षेत्रों में निरीक्षण कर जेसीबी कार्यों की समीक्षा की। धारी उपजिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी ने चार बंद ग्रामीण सड़कों को खुलवाकर यातायात बहाल कराया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि आपदा की सूचना तत्काल जिला आपदा परिचालन केंद्र के नंबर 05942-231178, 79, 81, मोबाइल नंबर 8433092458 एवं टोल फ्री नंबर 1077 पर साझा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *