सूर्यानाला में जलस्तर बढ़ने से दो वाहन फंसे, एक व्यक्ति बहा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

एसडीआरएफ, पुलिस और राहत दल ने किया त्वरित बचाव, यात्री सुरक्षित निकाले

भीमताल : लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा के चलते सोमवार सुबह करीब 9:38 बजे काठगोदाम-चोरगलिया-सितारगंज हाईवे स्थित सूर्यानाला में अचानक जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। तेज बहाव के चलते नाले का पानी हाईवे पर चढ़ गया, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। तेज बहाव के कारण एक यात्री जीप और दो दोपहिया वाहन नाले में फंस गए। इसी दौरान एक दोपहिया वाहन सवार व्यक्ति के बहने की सूचना भी आपदा नियंत्रण कक्ष को प्राप्त हुई। नाले में मिट्टी, मलवा, चट्टानों एवं बहते पेड़ों के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तहसील हल्द्वानी स्थित स्टेजिंग एरिया से एसडीआरएफ, पुलिस बल और अन्य राहत दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ तुरंत मौके पर रवाना किया गया। राहत दलों द्वारा तत्परता से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करते हुए फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। एसडीआरएफ की टीम द्वारा बह चुके व्यक्ति की खोजबीन का कार्य सूर्यानाला के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में जारी है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी संबंधित प्रशासनिक अधिकारी कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा इस मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली की दक्षता का सफल परीक्षण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *